थाना एक की पुलिस ने दो विभिन्न केसों में भगोड़े एक कार चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को उस समय गिरफ्तार किया जब वह एक दिल्ली रजिस्ट्रेशन वाली गाड़ी लेकर घूम रहा था।
इस चोर को मकसूदां चौकी के तहत आने वाले क्षेत्र से पकड़ा गया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी पहले भी हिमाचल प्रदेश तथा पंजाब में दो केसों में भगोड़ा है। यह केस भी कार चोरी के ही हैं।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से जाली रजिस्ट्रेशन (डीएल 13सीए 1512) वाली मारुति स्विफ्ट डिजायर कार बरामद की है। एसीपी नार्थ गुरनाम सिंह और थाना-एक के प्रभारी बलबीर सिंह ने बताया कि सोमवार को शाम के समय मकसूदां चौक में एएसआई जस्सा सिंह ने नाकाबंदी की थी।
इस दौरान दीपक वर्मा पुत्र कृष्ण लाल निवासी गांव बुड्डा थेह, तहसील ब्यास, जिला अमृतसर को चोरी की कार के साथ काबू किया गया है।
आरोपी पर थाना जवाला, जिला कांगड़ा हिमाचल प्रदेश में 28 जनवरी 2007 को मुकदमा नंबर 23 दर्ज किया गया था। वह इस केस में भगोड़ा है। ऐसे ही नकोदर, जिला जालंधर में दर्ज केस में भी आरोपी धारा 379 के तहत भगोड़ा है।
थाना प्रभारी के मुताबिक आरोपी पहले फाइनांस का काम करता था। इसके बाद उसने अपना नेटवर्क बढ़ा दिया और दिल्ली से गाड़ियां चोरी करवा पंजाब में बेचने लगा। चोरी की गाड़ियों को वह फाइनांस भी करता है। उन्होंने कहा कि आरोपी से और भी कई मामलों में खुलासे होने की संभावना है।