फिरोजपुर। शहर की सब्जी मंडी में सब्जी का कारोबार करने वाले 42 वर्षीय व्यापारी ने शुक्रवार को सुबह गंग कैनाल नहर में छलांग मार दी। नहर में पानी का बहाव तेज होने के कारण व्यापारी बहकर दूर निकल गया। लोगों ने व्यक्ति को नहर में छलांग लगाते देख तुरंत पुलिस को सूचित किया। कुछ देर बाद वहां पर पुलिस पहुंची और गोताखोर की मदद से नहर में व्यक्ति की तलाश में जुट गई। समाचार लिखे जाने तक सब्जी व्यापारी का कोई सुराग नहीं लगा है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि एक व्यक्ति सफेद रंग की स्कूटी पर सवार होकर फिरोजपुर से मुक्तसर की तरफ जा रहा था। सुबह आठ बजे के करीब देखा कि गांव झोंक हरिहर के पास से गुजरने वाली नहर के किनारे वह रुक गया और स्कूटी खड़ी करके नहर में छलांग लगा दी। नहर में पानी का बहाव तेज होने के कारण व्यक्ति का पता नहीं चला। उसी समय थाना कुलगढ़ी पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर गोताखोर बुलाए और व्यक्ति की तलाश शुरू की। व्यक्ति की पहचान बबलू काठपाल निवासी मुलतानी गेट फिरोजपुर के रूप में हुई है। उधर, परिजनों का कहना है कि बबलू के नहर में छलांग लगाने की सूचना दोपहर में मिली है। बबलू सब्जी का कारोबार करते हैं।