पंजाब के जालंधर में बॉलीवुड के खिलाड़ी व अभिनेता अक्षय कुमार के खिलाफ लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है। वाल्मीकी समाज के लोगों ने अक्षय कुमार के खिलाफ पुलिस को शिकायत भी दी है। सोशल मीडिया पर एक फिल्म का ट्रेलर वायरल हो रहा है, जिसमें अक्षय कुमार भगवान वाल्मीकि का किरदार निभा रहे हैं। वाल्मीकि समाज का कहना है कि ट्रेलर में भी कई आपत्तिजनक बातें की गई हैं। इसके विरोध में लोगों ने पुलिस को शिकायत दी है। पुलिस की तरफ से मामला दर्ज कर लिया गया है, लेकिन इस मामले में किसी भी आरोपी को नामजद नहीं किया गया है और ना ही कोई धारा लगाई गई है।
वाल्मीकि भाईचारे ने अक्षय कुमार की फिल्म में भगवान वाल्मीकि को लेकर दिखाए गए किरदार पर एतराज जताया है। इसके चलते वाल्मीकि भाईचारे की तरफ से पुलिस कमिश्नर को बॉलीवुड एक्टर अक्षय कुमार के खिलाफ शिकायत दी गई है। इस शिकायत में वाल्मीकि भाईचारे ने कहा कि फिल्म में दिखाए किरदार से भाईचारे की भावनाओं को आहत पहुंची है। उन्होंने कहा कि पुलिस से मांग है कि जल्द से जल्द अक्षय कुमार के खिलाफ मामला दर्ज किया जाए। इसके अलावा जिस कंपनी की तरफ से चैनल पर वीडियो डाली गई है उसके खिलाफ भी बनती कार्रवाई की जाए।