कीरतपुर साहिब। पीर साईं बुढ़ण शाह की दरगाह पर हर वर्ष 12 नवंबर को होने वाला वार्षिक उर्स मेला इस बार स्थगित कर दिया गया है। यह निर्णय दरगाह के महंत बाबा दिलबाग मोहम्मद शाह के पुत्र दानिश शाह के करीब चार महीने पहले हुए इंतकाल के कारण लिया गया है।
बाबा दिलबाग मोहम्मद शाह ने बताया कि इस वर्ष 12 नवंबर को कोई बड़ा मेला या धार्मिक समागम आयोजित नहीं होगा। इस दिन दरगाह पर केवल चादर चढ़ाने की रस्म अदा की जाएगी। समस्त मानवता और सरबत के भले के लिए दुआ की जाएगी। पूरे शाह परिवार और दरगाह से जुड़े लोग मरहूम दानिश शाह को याद करेंगे। उनके इंतकाल से परिवार और संगत में शोक की भावना है। इसी को देखते हुए वार्षिक उर्स मेले को सादे ढंग से मनाने का निर्णय लिया गया है।