फिरोजपुर। पुलिस ने पाक तस्करों से गहरे संबंध रखने वाले दो आरोपियों को हेरोइन की खेप के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने हेरोइन मंगवाकर फेंसिंग पार खेत में छिपाकर रखी थी जिसे लाने की कोशिश की जा रही है। तस्करों की निशानदेही पर पुलिस और बीेएसएफ ने फेंसिंग पार खेत से हेरोइन का एक पैकेट बरामद किया है। उसमें आधा किलो हेरोइन थी। थाना आरिफके पुलिस ने शनिवार को उक्त दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक एएसआई अंग्रेज सिंह पुलिस पार्टी के साथ गांव कटोरा के बस स्टैंड के पास गश्त कर रहे थे। इसी दौरान सूचना मिली कि आरोपी राजविंदर सिंह उर्फ राजू वासी सेरोवाल थाना सिंधवाबेट लुधियाना (मौजूदा सीमांत गांव अलीके जिला फिरोजपुर) की लंबे समय से पाकिस्तानी तस्करों से अच्छी दोस्ती है। वह मोबाइल पर बातचीत भी करता है। पाक तस्करों से हेरोइन की खेप भी मंगवाता है। राजू का पक्का दोस्त जोगिंदर सिंह वासी सुल्तान वाला जिला फिरोजपुर है। वह किसान आत्मा सिंह वासी निजाम वाला के पास नौकरी करता है। किसान आत्मा की फेंसिंग पर लगे गेट नंबर-177/11 के उस पार जमीन है। राजू और जोगिंदर की मिलीभगत होने के कारण राजू फोन कर पाक तस्करों से हेरोइन की खेप मंगवाकर आत्मा के खेत में रखवाते। जोगिंदर जब खेतों में कामकाज करने जाता था तो वहां से किसी तरह हेरोइन खेप इस तरफ ले आता था। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने जोगिंदर को गिरफ्तार किया। पूछताछ दौरान जोगिंदर की निशानदेही पर पुलिस और बीएसएफ ने मिलकर फेंसिंग पार खेत से हेरोइन का एक पैकेट बरामद किया।