फिरोजपुर। थाना कुलगढ़ी के अंतर्गत गांव भंबालंडा में पीजीआई की जमीन पर चहारदीवारी करवा रहे पीडब्ल्यूडी के एसडीओ व उनकी टीम के साथ दो लोगों ने मारपीट की। थाना कुलगढ़ी पुलिस ने शुक्रवार को पीडब्ल्यूडी के एसडीओ के बयान पर दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरु की है। दोनों आरोपी फरार हैं।
एसडीओ ज्ञानचंद ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि उपमंडल इंजीनियर व जूनियर इंजीनियर की ओर से केंद्र सरकार की तरफ से मंजूर पीजीआई की जमीन पर चहारदीवारी करवाने का कार्य करवाया जा रहा था। इस दौरान आरोपी तारा सिंह व राजबीर सिंह वासी बैंक कालोनी फिरोजपुर शहर पहुंच गए। दोनों आरोपी इंजीनियर व अन्य मुलाजिमों के साथ गाली-गलौच करने लगे।
बकौल एसडीओ उन्होंने उन्हें ऐसा करने से रोका। इस पर आरोपियों ने वहां पर मौजूद इंजीनियरों के साथ हाथापाई की और वहां पड़ा सामान फेंकने लगे। एसडीओ का आरोप है कि आरोपियों ने सरकारी कामकाज में विघ्न डाला है। मामले की जांच कर रहे एएसआई महिंदर सिंह के मुताबिक आरोपियों का कहना है कि जिस जगह पर चहारदीवारी का कार्य चल रहा है, वहां पर उनकी जमीन भी आती है। वहीं एसडीओ का कहना है कि निशानदेही के बाद ही चहारदीवारी का कार्य शुरू किया है। एएसआई का कहना है कि आरोपी तारा सिंह व राजबीर सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।