कपूरथला। अमृतसर-जालंधर हाईवे पर लुटेरों ने गन-प्वाइंट पर लहसुन व मछली से भरे दो वाहन लूट लिए। थाना सुभानपुर की पुलिस ने हमीरा फैक्टरी के पास से लूटा गया वाहन बरामद कर लिया है लेकिन सामान गायब था। थाना सुभानपुर पुलिस को दी शिकायत में ओम प्रकाश निवासी तेलू सिंह कालोनी नजदीक केडीएम स्कूल घरोंडा हरियाणा ने बताया कि वह 18 मार्च को अपने ताऊ के टेंपो पर शाम 5 बजे मंडी करनाल से 91 बोरी लहसुन लेकर अमृतसर जा रहा था। सुभानपुर के समीप हमीरा फैक्टरी के सामने एक महिंद्रा पिकअप आई। चालक ने गाड़ी उसके टेंपो के आगे लगा दी। उक्त गाड़ी से 4 नौजवान उतरे। उनके पास लाठियां और एक के पास पिस्तौल थी। उन्होंने उसे पीटा और गाड़ी में बैठाकर ले गए। बाद में एक ट्यूबवेल वाले कमरे में उसे बंद कर दिया और लहसुन से भरा ट्रक ले गए। अभी ये मामला सुलझा नहीं था कि रविवार सुबह एक हाईवे पर सुभानपुर थाने की हद में ही एक मछली से भरा वाहन लूट लिया गया।