संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजपुर। गांव खलचियां जदीद में ईंट भट्ठा के पास पानी से भरे गड्ढे में गिरने से दो बच्चियों (एक पांच साल व दूसरी चार साल) की मौत हो गई। ईंट भट्ठे के आसपास उसके मालिक ने जेसीबी मशीन से गड्ढे खुदवाएं थे जबकि गांव के लोगों ने मना भी किया था।
थाना सदर पुलिस ने शनिवार दोनों बच्चियों के शव कब्जे में लेकर तफ्तीश शुरू कर दी है। पीड़ित काला वासी गांव खलचियां जदीद ने बताया कि उसकी बेटी मनप्रीत (5) व रिश्तेदार की बेटी परी (4) पुत्री लाडी दोनों खेल रही थी। वे लोग गांव में ही ईंट भट्ठे पर मजदूरी कर रहे थे। ईंट भट्ठे के मालिक ने भट्ठे के आसपास जेबीसी मशीन से गड्ढे खुदवाएं थे। बारिश के दौरान उक्त गड्ढे पानी से भर गए थे जबकि उक्त गड्ढे खोदने से गांव के लोगों ने मना भी किया था। उसकी बेटी मनप्रीत व परी खेलते समय पांव फिसलने से गड्ढे में गिर गईं। पानी में डूबने से दोनों की मौत हो गई। गड्ढे की गहराई लगभग आठ फीट गहरी थी। काला ने कहा कि इस संबंधी पुलिस से शिकायत की है। उसने अनुसूचित जाति कमीशन से मांग की है कि उन्हें इंसाफ दिलवाया जाए। उन्हें प्रभावी लोग दबाने का प्रयास कर रहे हैं।
इस मौके पर पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए फरीदकोट मेडिकल कॉलेज में भेज दिया है। उसके बाद परिजनों द्वारा दिए गए बयान के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया जाएगा।
दूसरी तरफ, ईंट भट्ठा मालिक राजकुमार का कहना है कि यह हादसा अचानक हुआ है। उसने तो गांव का जो पानी उसके भट्ठे की तरफ आकर ईंटों को खराब करता था, उसे रोकने के लिए भट्ठे के आसपास जेसीबी से गड्ढे खोदे थे। बारिश के पानी से गड्ढे भर जाने से यह हादसा हुआ है। उसे भी काफी दुख है और वह पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है।