-जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी चलाईं गोलियां
-स्टेडियम की इमारत से गिर कर एक की टांग टूटी
-
कपूरथला। शहर में वारदात करने आए अमृतसर निवासी दो कार सवार बदमाशों को पुलिस ने काबू किया है। बदमाशों ने नाकाबंदी पर खड़े पुलिस कर्मचारियों पर फायरिंग भी की जिसके जवाब में पुलिस को भी फायरिंग करनी पड़ी। वहीं, सीआईए स्टाफ की टीम ने इस ऑपरेशन में कई किलोमीटर तक उनका पीछा कर दो बदमाशों को काबू कर उनके पास से 110 ग्राम हेरोइन, एक पिस्तौल और तीन कारतूस भी बरामद किए। एसपी (डी) प्रभजोत सिंह ने बताया कि बदमाशों पर पहले भी पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में कई मामले दर्ज हैं। इनका तीसरा आरोपी भाग निकला।
प्रेसवार्ता में प्रभजोत सिंह ने बताया कि वीरवार को उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि अमृतसर से आई-20 कार में दो बदमाश कपूरथला में कोई बड़ी वारदात को अंजाम देने आ रहे हैं। सीआईए स्टाफ तथा सुल्तानपुरलोधी पुलिस टीम ने थाना फत्तूढींगा के नजदीक नाकाबंदी कर दी। तभी रात लगभग आठ बजे एक सफेद रंग की आई-20 कार को शक के आधार पर रोकना चाहा, लेकिन बदमाशों ने रुकने की बजाय पुलिस पर फायरिंग कर दी और कार भगा ली। पुलिस टीम को भी जवाबी फायरिंग करनी पड़ी। दूसरी तरफ पुलिस की विभिन्न टीमों ने आरोपियों का कई किलोमीटर तक पीछा करते हुए उन्हें नाकाबंदी पर रुकने के लिए मजबूर किया। इस दौरान भी बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग करते हुए समीपवर्ती एक स्कूल के स्टेडियम में घुस गए और पुलिस से बचने के लिए स्टेडियम की इमारत से छलांग लगा दी जिसमें एक आरोपी की टांग टूट गई। उसको उपचार सुल्तानपुर लोधी के सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया। एसपी-डी ने बताया कि पकड़े गए आरोपी जंगप्रीत सिंह उर्फ लल्ला निवासी सुल्तानविंड अमृतसर पर पंजाब में आठ, हरियाणा में पांच और राजस्थान में एक केस दर्ज हैं। दूसरे आरोपी करणबीर सिंह निवासी कृष्णा कॉलोनी तरनतारन पर अमृतसर में एक मुकदमा पहले दर्ज है। उन्होंने यह भी बताया कि उक्त बदमाशों का एक साथी विनय कुमार निवासी गांव कादुपुर कपूरथला की तलाश में छापे मारे जा रहे हैं।