संवाद न्यूज एजेंसी
फगवाड़ा। पुलिस ने फगवाड़ा के पुराने सिविल अस्पताल की सुनसान इमारत से दो युवकों को हेरोइन का सेवन करते हुए पकड़ा है। यह कार्रवाई नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सब इंस्पेक्टर जसप्रीत कौर ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी। मुखबिर ने पुराने सिविल अस्पताल की इमारत में दो व्यक्तियों द्वारा हेरोइन सेवन की जानकारी दी थी। इस सूचना पर पुलिस ने तुरंत रेड की। राज कुमार उर्फ कालू और गुरमुख सिंह को मौके से पकड़ा गया। वे कथित तौर पर हेरोइन का सेवन कर रहे थे। उनके पास से एक लाइटर, सिल्वर पन्नी और 10 रुपये का नोट बरामद हुआ। दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच जारी है।