संवाद न्यूज एजेंसी
मोगा। जिले के खुसर रणधीर गांव में एक व्यक्ति ने आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान नवदीप सिंह के रूप में हुई है। शादी के 16 साल बाद भी संतान न होने से परेशान होकर नवदीप ने 8 सितंबर को अपनी पगड़ी से फंदा लगाकर जान दे दी।
घटना के दिन नवदीप सिंह अपनी पत्नी बरजीत कौर को स्कूल छोड़कर घर लौटे थे। बरजीत कौर एक सरकारी शिक्षिका हैं। घर आकर नवदीप सिंह ने चौबारे में जाकर फंदा लगा लिया। पड़ोसियों ने उन्हें फंदे से लटका देखा और तुरंत बरजीत कौर को सूचना दी। बरजीत कौर ने पुलिस को मामले की जानकारी दी। थाना कोट इसे खां के एएसआई नछत्तर सिंह ने बताया कि पुलिस ने बरजीत कौर के बयान पर बीएनएस की धारा 194 के तहत कार्रवाई की है। बुधवार को सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजन को सौंप दिया गया। नवदीप सिंह की मौत से परिवार में गहरा मातम छा गया है। उनकी पत्नी और रिश्तेदारों का रो-रोकर बुरा हाल है। नवदीप सिंह खेती-बाड़ी का काम करते थे। उनकी शादी वर्ष 2010 में हुई थी।