संवाद न्यूज एजेंसी
जालंधर। भोगपुर के मेन जीटी रोड पर बुधवार सुबह पराली से भरी एक बेकाबू ट्रॉली सड़क किनारे बनी दुकानों में जा घुसी। इस हादसे में दुकानों के शटर और काउंटर क्षतिग्रस्त हो गए। गनीमत रही कि घटना के समय बाजार बंद था जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।
ट्रैफिक इंचार्ज रंजीत सिंह के अनुसार, जम्मू की ओर जा रहे एक ट्रक ने सड़क पार करते समय ट्रॉली को साइड से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ट्रॉली अनियंत्रित हो गई। वह ग्रिल तोड़ते हुए दुकानों में जा घुसी। पीड़ित दुकानदारों का आरोप है कि ट्रॉली और ट्रैक्टर मालिक नुकसान की भरपाई करने के बजाय उनपर दबाव बना रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है। साथ ही, मामले में निष्पक्ष कार्रवाई की भी मांग की गई है। स्थानीय लोगों और मार्केट एसोसिएशन का कहना है कि पराली और भूसे से भरी ओवरलोड ट्रॉलियों से सड़क पर दृश्यता कम हो जाती है। इससे अन्य वाहनों को निकलने में भी परेशानी होती है। स्थानीय लोगों का दावा है कि ऐसी गाड़ियों को लेकर पहले भी प्रशासन और संबंधित विभागों से कार्रवाई की मांग की जा चुकी है। हालांकि, इन मांगों पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।