खेत में चारपाई से बंधी मिली लाश, गले में थे रस्सी के निशान
संवाद न्यूज एजेंसी
फाजिल्का। 80 वर्षीय बुजुर्ग की हत्या करने के बाद उसकी ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर कुछ लोग फरार हो गए। बुजुर्ग की खेत में चारपाई से बंधी लाश मिली है। गर्दन पर रस्सी के निशान हैं। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान करतार सिंह के रूप में हुई। वह पिछले 25 वर्षों से सीड फार्म कच्चा में रहता था और उसकी सीड फार्म पक्का में जमीन थी। जिस पर वह खेतीबाड़ी करता था। बुधवार रात उसके साथी किसान अपने खेत के सभी काम निपटाकर घर चले गए, लेकिन करतार सिंह अकेला खेत में सो गया। बताया जा रहा है कि दूसरे किसान अपने ट्रैक्टर ट्रॉली वही खड़े कर चल दिए, जिन पर वे वीरवार सुबह चारा काटकर शहर ले जाने वाले थे। सुबह वे खेत में आए तो करतार सिंह चारपाई से बंधा मिला। मौके पर ट्रैक्टर ट्रॉली नहीं थी। करतार की मौत हो चुकी थी। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। जानकारी मिलते ही एसएसपी अवनीत कौर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है।