संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजपुर। फिरोजपुर-जीरा राजमार्ग स्थित गांव खोसा दल सिंह के नजदीक एक तेज रफ्तार टिप्पर ने ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। हादसे में ई-रिक्शा में सवार महिला की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। ये लोग फिरोजपुर से जीरा किसी रिश्तेदार की शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे।
पुलिस के मुताबिक इंद्र कौर वासी फिरोजपुर अपने परिवार संग फिरोजपुर से जीरा किसी रिश्तेदार के शादी समारोह में शामिल होने ई-रिक्शा पर सवार होकर जा रही थी। फिरोजपुर -जीरा राजमार्ग स्थित गांव खोसा दल सिंह के पास पहुंचे तो पीछे से आ रहे तेज रफ्तार टिप्पर ने ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। हादसे में ई-रिक्शा सड़क पर पलट गया और इंद्र कौर की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दो लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। दोनों ही जख्मियों को फिरोजपुर के अस्पताल में दाखिल कराया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंच शव को कब्जे में लेकर अपनी कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपी टिप्पर चालक घटना को अंजाम देकर घटनास्थल से फरार हो गया।