संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदकोट। स्थानीय बाल सुधार गृह में तलाशी के दौरान तीन मोबाइल फोन बरामद हुए हैं जिसके संबंध में सिटी पुलिस ने सात बाल अपराधियों के अलावा इन्हें फोन मुहैया करवाने वाले सुरक्षा गार्ड के खिलाफ जेल एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस को भेजी शिकायत में बाल सुधार गृह के अधीक्षक ने बताया कि बैरक की अचानक तलाशी लेने पर 2 टच स्क्रीन व एक कीपेड मोबाइल फोन बरामद हुआ और प्राथमिक पड़ताल में सामने आया कि बाल सुधार गृह की उक्त बैरक में बंद सात बच्चों को यह फोन सुरक्षा एजेंसी के गार्ड जसवंत सिंह ने उपलब्ध करवाए है। डीएसपी शमशेर सिंह शेरगिल ने बताया कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज करके कार्रवाई शुरू कर दी है। मालूम हो कि बाल सुधार गृह में मोबाइल फोन बरामद होने का पहला मामला सामने आया है।