माइनिंग विभाग ने थाना सदर के अंतर्गत गांव सोढ़े वाला में नाकाबंदी कर अवैध रेत खनन करने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से रेत से लदी तीन ट्रैक्टर-ट्रालियां पकड़ी गई हैं। उधर, थाना सदर पुलिस ने माइनिंग विभाग के अधिकारी विपिन कुमार की शिकायत पर तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक माइनिंग विभाग को सूचना मिली थी कि फिरोजपुर के कुछ सरहदी गांवों में अवैध रेत खनन का धंधा चल रहा है। माइनिंग विभाग ने पुलिस के साथ गांव सोढ़े वाला में नाकाबंदी की। टीम ने देखा कि कुछ लोग अवैध तरीके से रेत भरकर ट्रैक्टर-ट्रालियों में ला रहे हैं। टीम ने तीन लोगों को रेत से भरी तीन ट्रैक्टर-ट्रालियों के साथ काबू किया। आरोपियों की पहचान मनजिंदर सिंह वासी बस्ती सुनवा वाली, सुरजीत सिंह और अंग्रेज सिंह वासी गांव अटारी के रूप में हुई है।
उधर, उक्त मामले की तफ्तीश कर रहे एएसआई महेश सिंह के मुताबिक माइनिंग अधिकारी विपिन कुमार की शिकायत पर उक्त तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर मामला दर्ज किया गया है।