जालंधर। पुरानी जेल की पार्किंग से दो दिन से कारों के शीशे तोड़कर स्टीरियो और बैटरियां चोरी की जा रही हैं। शनिवार रात को चोर करीब 12 गाड़ियों के शीशे तोड़कर स्टीरियो और अन्य कीमती सामान निकालकर ले गए थे। अभी पुलिस मामले की पूरी जांच भी नहीं कर पाई थी कि रविवार देर रात भी कई गाड़ियों के शीशे टूटे मिले। जांच में पचा चला कि कारों से स्टीरियो और कीमती सामान चुरा लिया गया था। सूचना मिलते ही थाना डिवीजन नंबर दो की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को दिए बयान में शेखां बाजार निवासी सरबजीत सिंह ने बताया कि उन्होंने रविवार सुबह अपनी वरना गाड़ी पार्किंग में खड़ी की थी। रात करीब 10.30 बजे जब वह गाड़ी लेने पहुंचे तो देखा कि उनकी गाड़ी के शीशे टूटे थे और सामान गायब था। उसके साथ ही खड़ी सेंट्रो कार और तीन चार अन्य गाड़ियों के शीशे भी टूट हुए थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।