फिरोजपुर। ससुरालियों ने दहेज की खातिर बहू से मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया। आरोपी पांच लाख रुपये की मांग कर रहे थे जो मायके वाले देने में असमर्थ थे। उधर, फिरोजपुर थाना वुमन सेल ने सोमवार को पीड़िता के बयान पर आरोपी पति और सास के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपी फरार हैं।
कर्मजीत कौर (28) वासी गांव नाजूशाह मिसरी वाला ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि उसकी शादी संदीप सिंह निवासी गांव दूनेके वार्ड नंबर-44 जिला मोगा के साथ नौ अक्तूबर 2016 में हुई थी। शादी के थोड़े दिन बाद ही ससुराली कर्मजीत कौर को दहेज के लिए तंग करने लगे। कई बार दहेज की खातिर आरोपियों ने पीड़िता से मारपीट भी की। गण्यमान्य व्यक्तियों ने दोनों पक्षों का समझौता करवाया। अब फिर से पति संदीप और सास प्रीतम कौर पांच लाख रुपये की मांग पीड़िता के मायके वालों से कर रहे थे, जो उक्त धनराशि देने में असमर्थ थे। इसी बात को लेकर आरोपियों ने पीड़िता से मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया। पीड़िता अपने मायके आ गई। इस संबंधी पीड़िता ने पुलिस को शिकायत दी है। मामले की तफ्तीश कर रहे एएसआई तरलोक सिंह के मुताबिक पीड़िता ने वुमन सेल में शिकायत दी थी। मामले की जांच करने के बाद आरोपी पति संदीप सिंह और सास प्रीतम कौर के खिलाफ मामला दर्ज किया है। दोनों फरार हैं। पुलिस ने आरोपियों की तलाश कर रही है।