एनीमल्स प्रेमी कादम्बिनी अरोड़ा ने दर्ज कराई है शिकायत
संवाद न्यूज एजेंसी
मुक्तसर। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें मुक्तसर के गांव अटारी सदर में एक व्यक्ति बेजुबान कुत्ते को हैरो (कृषि औजार) से बांधकर बेरहमी से पीट रहा है। वीडियो में दिखाई दे रहा है कि गुरप्रीत सिंह नाम का व्यक्ति कुत्ते पर पहले लाठियां बरसाता है। बाद में लाठी के साथ चाकू बांधकर कुत्ते के पेट पर वार कर रहा है। इस दौरान कुत्ता अपनी जान बचाने के लिए हैरो से अपने आप को छुड़ाने का प्रयास करता है, लेकिन व्यक्ति कुत्ते पर लगातार चाकू से वार करता जा रहा है। कुत्ते के पेट से रक्त बहने के कारण उसकी मौत हो गई। एनीमल्स प्रेमी एडवोकेट कादम्बिनी अरोड़ा ने मामले में कड़ा संज्ञान लेते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज करवाने की बात कही है। हालांकि पिछले दर्ज ऐसे ही मामलों में पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की है।
एडवोकेट कादम्बिनी अरोड़ा ने बताया कि जो लोग जानवरों के साथ बर्बरता करते हैं, उनके खिलाफ पुलिस प्रशासन को कड़ा संज्ञान लेना चाहिए। बेजुबान पर वायरल वीडियो में जैसे व्यक्ति लाठियाें व चाकू से वार कर रहा है, यह बहुत गलत है। उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले बूड़ागुज्जर रोड पर पांच कुत्ते मृत हालत में मिले हैं। उनको किसी ने जहरीला पदार्थ देकर मार डाला है। इसी तरह सप्ताह पहले मुक्तसर शहर में एक व्यक्ति ने गली में बैठे दो कुत्तों पर गाड़ी चढ़ा दी। जिस कारण एक की मौत हो गई। जबकि एक को चोट लग गई। इस संबंधी उन्होंने पुलिस को शिकायत दर्ज करा रखी है। जबकि कुत्ते का पोस्टमार्टम भी करवाया गया है। लेकिन पुलिस अभी तक आरोपी के खिलाफ केस दर्ज नहीं कर रही। उन्होंने कहा कि अगर पुलिस आरोपी के खिलाफ कार्रवाई नहीं करेगी तो ऐसे तो लोग जानवरों पर अत्याचार करते रहेंगे।