संवाद न्यूज एजेंसी
पठानकोट। थाना शाहपुरकंडी की पुलिस ने स्कूली वैन चालक पर जानलेवा हमला करने वाले आराेपी को काबू कर लिया है। आरोपी की पहचान तरसेम सिंह निवासी राणीपुर झिकलां के रूप में हुई है। थाना शाहपुरकंडी की पुलिस के मुताबिक अमरजीत सिंह ने पुलिस को दर्ज करवाए बयान में बताया है कि वह एक स्कूल वैन का ड्राइवर है और तरसेम सिंह के साथ उनकी पुरानी जमीन की रंजिश चलती आ रही थी। उसी रंजिश के तहत तरसेम सिंह ने उस पर कुछ लोगों के साथ मिलकर हमला कर दिया। इस कारण वह गंभीर रूप में घायल हो गया।
वहीं, पुलिस ने पीड़ित के बयान पर आरोपी तरसेम के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके उसे गिरफ्तार कर आगे की जांच शुरू कर दी है।