लोगों ने आरोप लगाया कि कुत्ते के मालिक उसे खुला छोड़ देते हैं, जिससे गली में खेलने वाले बच्चों और राहगीरों की सुरक्षा खतरे में पड़ जाती है। उनका दावा है कि यह कुत्ता पहले भी दो-तीन बच्चों को काट चुका है।
जालंधर के अवतार नगर में रविवार रात गली में खेल रहे 13 वर्षीय बच्चे पर एक पालतू कुत्ते ने हमला कर दिया। कुत्ते ने बच्चे को बुरी तरह काट लिया। बच्चे की चीखें सुनकर उसकी नानी डंडा लेकर मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद कुत्ते को भगाकर बच्चे को बचाया। घटना के बाद पीड़ित परिवार और लोगों में रोष है।
विज्ञापन
पीड़ित परिवार के सदस्य रजिंदर सिंह ने आरोप लगाया कि कुत्ते के मालिक उसे खुला छोड़ देते हैं, जिससे गली में खेलने वाले बच्चों और राहगीरों की सुरक्षा खतरे में पड़ जाती है। स्थानीय लोगों का दावा है कि यह कुत्ता पहले भी दो-तीन बच्चों को काट चुका है। परिजनों और स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की जांच कर लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाए।
दूसरी ओर, कुत्ते के मालिक का कहना है कि गेट खुला रहने के कारण कुत्ता गलती से बाहर निकल गया था। मालिक ने दावा किया कि कुत्ते को सभी जरूरी टीके लगवाए गए हैं। उन्होंने पीड़ित परिवार से माफी मांगते हुए भविष्य में ऐसी घटना न होने देने का भरोसा दिया।