प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष व मुख्य प्रवक्ता सुनील जाखड़ ने कड़ी सुरक्षा वाली नाभा जेल से आतंकवादी सहित नामी गैंगस्टरों को छुड़ाए जाने की घटना को अकाली-भाजपा सरकार की असफलता बताया है। उन्होंने घटना के लिए डिप्टी सीएम को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि उन्हें कुर्सी पर बने रहने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है।
जाखड़ ने कहा कि कांग्रेस ने राष्ट्रपति व राज्यपाल से मुलाकात के दौरान पंजाब की खराब कानून व्यवस्था पर चिंता जताई थी। उन्होंने राष्ट्रपति शासन लागू करने की जो मांग की थी उसे ताजा घटना क्रम ने सही ठहरा दिया है। कांग्रेस ने कई बार कहा कि पुलिस पर गैंगस्टर राजनीतिक संरक्षण के कारण हावी है। जब जी चाहे और जहां चाहे बड़ी वारदात को अंजाम दे देते हैं।
ऐसी कई वारदातें हुई कि सुरक्षा के बावजूद गैंगस्टर अपने साथियों को पुलिस के कब्जे से छुड़ा कर ले गए। गुप्तचर एजेंसियों की चेतावनी के बावजूद नाभा जेल से जिस तरह छह नामी कैदी छुड़ा लिए गए इससे तो सिद्ध हो गया कि पंजाब में सरकार नाम की कोई चीज नहीं है।