गांव धूलकोट के एक नौजवान ने आर्थिक तंगी और बेरोजगारी से परेशान होकर चंदभान सेमनाले पर लगे पेड़ से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। बुधवार सुबह सेमनाले के पास खेतों में काम करने वाले लोगों ने पेड़ के नीचे एक युवक का शव देखा।
इस पर उन्होंने थाना कोटभाई पुलिस को सूचना दी। थाना प्रभारी जसविंदर सिंह और दोदा पुलिस चौकी के एएसआई राजिंदर सिंह ने मौके पर पहुंचकर जांच की। थाना प्रभारी ने बताया कि आत्महत्या करने वाले व्यक्ति की पहचान गुरबख्श सिंह (28) निवासी धूलकोट के रूप में हुई है। गुरबख्श सिंह को गांव रुपाणा निवासी अंग्रेज कौर ने गोद लिया हुआ था।
हरनेक ने बताया कि उसके बेटे को उसकी बुआ अंग्रेज कौर ने गोद लिया हुआ था। उसने बारहवीं तक शिक्षा हासिल की हुई थी। वह बीते लंबे समय से रोजगार की तलाश में था। मंगलवार को वह अपनी मोटरसाइकिल पर घर से निकला, मगर वापस नहीं लौटा। बुधवार सुबह उसकी खुदकुशी का पता चला। पुलिस ने 174 के तहत कार्रवाई कर शव परिजनों को सौंप दिया।