संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदकोट। स्थानीय फिरोजपुर रोड पर नानकसर बस्ती के पास शुक्रवार सुबह तेज रफ्तार टिप्पर की टक्कर से सड़क किनारे पशुओं के लिए चारा काट रहे रेहड़ी चालक की मौत हो गई। मृतक की पहचान सुंदर नगरी निवासी बिंदर सिंह के रूप में हुई और इस मामले में थाना सिटी-2 पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार बिंदर सिंह हर रोज की तरह अपने पशुओं के लिए रेहड़ी लेकर चारा एकत्रित करने गए थे। नानकसर बस्ती के पास चारा काटने के बाद जब वह उसे अपनी रेहड़ी पर रखने लगा तो फिरोजपुर की तरफ से आ रहे टिप्पर ने उसे टक्कर मार दी और गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद टिप्पर भी सड़क किनारे पर पलट गया और उसका चालक मौके से फरार होने में कामयाब हो गया। थाना सिटी-2 के एसएचओ इंस्पेक्टर अमरिंदर सिंह के अनुसार पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है और परिवार की शिकायत के आधार पर अगली कार्रवाई की जाएगी।