पंजाब सरकार की ओर से रोगी कल्याण समिति के तहत प्रशासनिक अधिकारियों की सेहत विभाग में की जा रही दखलअंदाजी का पीसीएमएस डॉक्टर यूनियन ने विरोध जताया है।
इस बारे में बुधवार को सिविल अस्पताल के पीसीएमएस स्पेशलिस्ट डॉक्टरों ने सरकार के खिलाफ रोष रैली की। उनकी मांग थी कि सरकार की ओर से जारी किए गए इस फरमान को वापस लिया जाए। एसोसिएशन के जिला प्रधान अशोक शर्मा ने कहा कि सरकार की ओर से बीती साल 9 मई को एसोसिएशन के साथ किए लिखित रूप में समझौते को पूरा नहीं किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार उनके साथ किए गए वादे से मुकर रही है।
उन्होंने कहा कि अगर सरकार ने उनकी मांगें न मानी तो उनकी एसोसिएशन इसके बाद 21 मई को दोबारा सरकार के खिलाफ रोष रैली करेगी। इसके बाद भी अगर सरकार न जागी तो 1 जून से नियमों के हिसाब से काम किया जाएगा। कोई भी डॉक्टर सिविल अस्पताल में स्पेशल सेवाएं नहीं देगा। इस दौरान कोई भी ऑपरेशन नहीं किया जाएगा। इस अवसर पर डॉ. गुरमीत लाल, डा. राकेश चोपड़ा, डॉ. कश्मीरी लाल, चंदन मोहन, डॉ. हरदेव सिंह मौजूद थे।