संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजपुर। एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने गुप्त सूचना के आधार पर एक तस्कर को काबू कर एक किलो 13 ग्राम हेरोइन व एक विदेशी ड्रोन बरामद किया है। आरोपी के पाकिस्तानी तस्करों के साथ संबंध हैं। वह ड्रोन के जरिये पाकिस्तान से हेरोइन की खेप मंगवाता था।
एएनटीएफ के एआईजी सोहन लाल सोनी ने बताया कि उनकी टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी संदीप सिंह उर्फ दीपा पुत्र दर्शन सिंह निवासी जखरावां के पाकिस्तान तस्करों के साथ संबंध हैं। वह मोबाइल के जरिये संपर्क कर पाकिस्तानी तस्करों से ड्रोन के माध्यम भारत में हेरोइन की खेप मंगवाता है। इसके बाद विभिन्न जगहों पर हेरोइन की सप्लाई करता है। उनकी टीम ने बताई हुई जगह पर दबिश देकर आरोपी संदीप को काबू किया। तलाशी दौरान उसके पास से एक किलो 13 ग्राम हेरोइन और विदेशी ड्रोन बरामद हुआ। एआईजी सोनी ने बताया कि आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है। आरोपी की निशानदेही पर और हेरोइन मिलने की उम्मीद है। इसके बाकी साथियों का भी नेटवर्क खंगाला जा रहा है।