सीजेएम डॉ.रजनीश की अदालत ने बुधवार को शिअद उम्मीदवार परमजीत कौर गुलशन को एसएमएस भेजने के मामले में गिरफ्तार वकील को जमानत पर रिहा कर दिया।
आरोपी वकील जगदीप सिंह बाजवा को कोतवाली पुलिस ने मंगलवार को ही गिरफ्तार किया था। अदालत ने भी उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया था। बुधवार को दिन भर इस मामले को लेकर स्थानीय वकीलों व पुलिस प्रशासन के बीच तनाव का माहौल बना रहा।
अपने साथी के खिलाफ दर्ज हुए केस के खिलाफ जिला बार एसोसिएशन ने हड़ताल की और एसएसपी कार्यालय पर धरना दिया। आम आदमी पार्टी के वर्करों समेत आरोपी वकील के रिश्तेदार और ग्रामीण भी शामिल हुए।
आरोपी ने बीती 13 अप्रैल को अपने मोबाइल से गुलशन के फरीदकोट आवास के फोन पर भद्दी शब्दावली वाला एसएमएस भेजा था। पुलिस ने गुलशन के पीए की शिकायत पर 24 अप्रैल को अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया था।