पठानकोट। जिला एक्साइज विभाग ने जाली परमिट पर 31 टैंकर ईएनए (एक्स्ट्रा न्यूट्रल अल्कोहल) बेचने के आरोप में पठानकोट की शराब फैक्टरी पायनियर इंडस्ट्री लिमिटेड के खिलाफ कार्रवाई के लिए लिखा है। ईटीओ की शिकायत पर थाना शाहपुरकंडी पुलिस ने शराब फैक्टरी के एमडी, डायरेक्टर समेत 6 लोगों पर मामला दर्ज किया है।
फैक्टरी से असम की एक कंपनी के नाम पर जाली परमिट तैयार करवाए गए और इसे यूपी में गैरकानूनी ढंग से बेचा गया। मामले की जांच यूपी की लखनऊ एसटीएफ भी कर रही है। आरोपियों में पायनियर इंडस्ट्री लिमिटेड रानीपुर के एमडी जगत मोहन, डायरेक्टर अजय कुमार, होल टाइम डायरेक्टर पवन शर्मा, डायरेक्टर राजिंदर मित्तल, सीएफओ अरविंद गुप्ता और कंपनी सेक्रेटरी तुषार राय शर्मा को नामजद किया गया है।
मामले की पहली परत जून 2020 में यूपी के जिला रामपुर के गांव ककोरा से खुली। वहां यूपी की लखनऊ एसटीएफ ने ईएनए से भरे टैंकर समेत 3 लोगों को पकड़ा। मामले की जांच हुई तो लॉकडाउन के दौरान 31 टैंकर बेचे जाने की बात सामने आई। सारा ईएनए पठानकोट की पायनियर इंडस्ट्री का था और असम की कंपनी के नाम पर परमिट बनाए गए गए थे। यूपी एसटीएफ ने असम एक्साइज प्रशासन से बात की तो मामला फर्जी पाया गया।
पंजाब एक्साइज डिपार्टमेंट की जांच खुलासा हुआ कि यूपी एसटीएफ ने रामपुर समेत अन्य जिलों में अवैध तौर पर भेजे गए ईएनए के 31 टैंकरों का पर्दाफाश किया है। इसके बाद असम के एक्साइज कमिश्नर ने ईएनए बारे में पंजाब के एक्साइज कमिश्नर से रिकार्ड मांगा था। वहां से असम की फर्म के नाम पर जारी परमिट के बारे में बताया गया, इसके बाद पंजाब के ज्वाइंट कमिश्नर स्तर पर पांच सदस्यीय कमेटी जांच के लिए बनाई गई। जांच में पता चला है लॉकडाउन के दौरान 31 टैंकर (प्रत्येक में 25 हजार लीटर) ईएनए भरकर कागजों पर असम भेजी गई थी। जांच के बाद थाना शाहपुरकंडी में नकली परमिट तैयार शराब बनाकर बेचने के आरोप में ईटीओ सुखदीप कौर बाजवा की शिकायत पर पायनियर इंडस्ट्री लिमिटेड रानीपुर के एमडी समेत 6 लोगों पर मामला दर्ज किया गया।
विभागीय जांच में यह धोखाधड़ी पकड़ में आई है। इसमें टैक्स के रूप में चोरी की गई रकम की जांच की जा रही है। विभाग ने धोखाधड़ी व नियमों की अवहेलना करने पर पुलिस में रिपोर्ट कर दी है। - सुखदीप कौर बाजवा ईटीओ, पठानकोट
एक्साइज अधिकारी की शिकायत पर 6 लोगों को नामजद किया गया है। फिलहाल कोई आरोपी पकड़ में नहीं आया है। अभी मामला सामने आया है। जांच पूरी होने में समय लगेगा। - गुलनीत सिंह खुराना, एसएसपी, पठानकोट