प्राइवेट कॉलेज नॉन टीचिंग इंप्लाइज यूनियन ने बुधवार को विधायक मनोरंजन कालिया के घर का घेराव किया। सैकड़ों की संख्या में पंजाब कॉलेज नॉन टीचिंग इंप्लाइज यूनियन के सदस्य जब विधायक के घर के पास पहुंचे तो उन्हें बेरीकेट लगाकर रोक दिया गया।
इससे गुस्साए यूनियन कर्मचारियों ने विधायक के खिलाफ नारेबाजी की। नारेबाजी की आवाज सुनकर विधायक मनोरंजन कालिया घर से बाहर आए। उन्होंने पुलिस से धरनाकारियों को आगे आने देने के लिए कह दिया। विधायक ने यूनियन के प्रधान से कहा कि अगर वह कोई मांग पत्र देना चाहते हैं तो दे दें, लेकिन यूनियन के प्रधान मदन लाल खुल्लर ने पहले धरना देने की बात कही।
विधायक उन्हें एक घंटे में दोबारा आने का कहकर चले गए। इसके बाद सभी कर्मचारी विधायक के घर के बाहर बैठ गए और उन्होंने पंजाब सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। यह सभी कर्मचारी सुबह 10:30 से दोपहर 1 बजे तक विधायक का इंतजार करते रहे, लेकिन विधायक तब तक वापस नहीं लौटे। यूनियन ने अपना मांग पत्र एडीसीपी जसबीर सिंह को सौंपा।
इस दौरान यूनियन के प्रदेश प्रधान मदन लाल खुल्लर ने उच्च शिक्षा मंत्री सुरजीत सिंह रखड़ा और पंजाब सरकार की ओर से यूनियन की मांगों को लेकर दिखाए जा रहे अडियल रवैये के प्रति अपना रोष प्रकट किया। उन्होंने कहा कि साल 2011 से नॉन टीचिंग कर्मचारियों को मेडिकल व हाउस भत्ता नहीं मिला, जिससे उनमें काफी रोष पाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से यूनियन की मुख्य मांगें जैसे 1 दिसंबर 2012 से संशोधित ग्रेड पे लागू करना, बढ़ा हुआ हाउस रैंट और मेडिकल भत्ते की नोटिफिकेशन जारी करना को पूरा नहीं किया जा रहा है।