संवाद न्यूज एजेंसी
जालंधर। लाखों श्रद्धालुओं की अटूट आस्था का प्रतीक श्री सिद्ध बाबा सोढल मेले का शुभारंभ हो गया है। हवन यज्ञ, मंत्र उच्चारण और ढोल नगाड़ों की थाप के साथ यह मेला शुरू हुआ।
मेले के पहले दिन ही भारी संख्या में श्रद्धालु बाबा सोढल का आशीर्वाद लेने पहुंचे। शुक्रवार को पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया भी इस प्रसिद्ध मेले में शामिल हुए। उन्होंने बाबा सोढल मंदिर में नतमस्तक होकर पूजा-अर्चना की और प्रसाद ग्रहण किया। राज्यपाल मेले की शुरुआत से पहले आयोजित पूजा में भी शामिल हुए थे। परंपरा के अनुसार, सुबह चड्ढा और आनंद परिवारों ने मंदिर परिसर में एकत्र होकर मेले का शुभारंभ करवाया। इस दौरान पूरा जालंधर शहर भक्ति और उत्साह के रंग में रंग गया।
श्रद्धालुओं की भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था
मेले से एक दिन पहले ही बड़ी संख्या में भक्त माथा टेकने पहुंचने लगे थे। शुक्रवार को बाबा सोढल के दर्शनों के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। श्रद्धालुओं ने ढोल की थाप पर नाचते हुए बाबा जी के दरबार में हाजिरी लगवाई। लोग बाबा जी के दर्शन कर रहे थे, वहीं बच्चे झूले और खाने-पीने के स्टॉल का आनंद लेते दिखे। मेले में लगे स्टॉल से लोगों ने खूब खरीदारी भी की। सुरक्षा के लिए चप्पे-चप्पे पर पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं और भीड़ नियंत्रण के लिए ड्रोन कैमरों का भी सहारा लिया जा रहा है।