संवाद न्यूज एजेंसी
होशियारपुर। माहिलपुर में एक दुकानदार ने कथित तौर पर मानसिक उत्पीड़न से तंग आकर जहरीली चीज निगलकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने पिता-पुत्र के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज किया है।
मृतक अमृतपाल सिंह फगवाड़ा रोड पर मोबाइल फोन की दुकान चलाते थे। उनकी पत्नी हरप्रीत कौर ने बताया कि वह काफी समय से परेशान थे। पड़ोस की दुकान चलाने वाले तरसेम सिंह और उनके बेटे विक्रम उर्फ विक्की पर उत्पीड़न का आरोप है। हरप्रीत कौर के अनुसार, वे ग्राहकों के सामने अमृतपाल की इज्जत खराब करते थे। इस मानसिक परेशानी के कारण अमृतपाल ने 26 अक्तूबर को जहरीली दवा खा ली। घर पहुंचने पर उन्होंने उल्टी की और पत्नी को अपनी परेशानी बताई। पुलिस ने अब दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।