गोबिंदसर में राइस मिल की आग बुझाते फायर ब्रिगेड कर्मचारी।
- फोटो : PATHANKOT
सोमवार रात और मंगलवार सुबह पठानकोट में दो स्थानों पर आग लग गई। गांव गोबिंदसर की राधे राइस मिल में आग लगने से लाखों का नुकसान हो गया। वहीं दूसरी तरफ गांधी चौक में होलसेल व्यापारी की दुकान में आग लग गई।
राधे राइस मिल गोबिंदसर के मालिक अमित भल्ला ने बताया कि सुबह करीब 9:00 बजे आग लगी। मंगलवार सुबह चलते शैलर में चावलों को सुखाने के लिए लगाए एक ड्रायर में आग लग गई। देखते ही देखते दूसरा ड्रायर भी आग की चपेट में आ गया। शैलर के कुल 8 ड्रायर में से 2 ड्रायर जलकर राख हो गए। जब आग लगी तब काम चल रहा था और लेबर भी वहीं मौजूद थी। मजदूरों ने पानी की बाल्टियों से आग पर काबू पाने की कोशिश की लेकिन आग बढ़ती रही। फायर ब्रिगेड की गाड़ियों से तीन घंटे बाद काबू पाया जा सका। थाना सदर पुलिस जांच में जुटी है।
वहीं दूसरे मामले में पठानकोट के व्यस्ततम गांधी चौक में सत स्टोर (चाचे दी हट्टी) में सोमवार रात आग लग गई। व्यापारी सतपाल ने बताया कि रात 8 बजे वह दुकान बंद कर घर चले गए। करीब डेढ़ घंटे बाद कपड़ा कारोबारी विनोद शर्मा ने फोन कर बताया कि उनकी दुकान के शीशे टूटे हैं और अंदर से धुआं निकल रहा है। वह दुकान पहुंचे तो आग बढ़ चुकी थी। 9 बजे के करीब लगी आग रात डेढ़ बजे तक बुझ पाई। फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियों ने आग पर काबू पाया। इस दौरान दुकान में पड़ा स्किम्ड मिल्क, देशी घी, बटर, जैम, सॉस, गजक, रेवड़ी समेत कई चीजें जलकर राख हो गई।