विश्व प्रसिद्ध क्लासिकल डांसर व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी की सुपुत्री शर्मिष्ठा मुखर्जी बुधवार को लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी पहुंची। उन्होंने एलपीयू के विद्यार्थियों से बातचीत करते हुए भारतीय सांस्कृतिक, विरासत, आजादी, लोकतंत्र, नवीनता, सिखलाई और जुनून के बारे में विचार सांझे किए।
वह एलपीयू में राष्ट्र निर्माण के प्रति युवाओं की भूमिका के बारे में विश्लेषण करने आईं थीं। शर्मिष्ठा ने विद्यार्थियों के ब्रेन ड्रेन, भ्रष्टाचार, सोशल मीडिया, तालमेल, आरक्षण और कई अन्य प्रश्नों के बखूबी उत्तर दिए। उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि भ्रष्टाचार का उन्मूलन तभी हो सकता है, अगर इसे लोगों का आंदोलन बनाया जाए और इसके खिलाफ जागरूकता फैलाई जाए।
उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया के सकारात्मक और नकारात्मक दोनों तरह के पहलू मौजूद हैं, परंतु इसका उपयोग शानदार ढंग से किया जाना चाहिए। आरक्षण के बारे में बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि यह एक सामाजिक और आर्थिक न्याय की प्रक्रिया है। उन्होंने माना कि एक आदर्श समाज में आरक्षण नहीं होना चाहिए, लेकिन इसके साथ-साथ ऐसे ही समाज में भेदभाव भी नहीं होना चाहिए।