शहर के लंबा पिंड चौक पर स्थापित शहीद ऊधम सिंह की प्रतिमा के सामने खुले शराब के ठेके और अहाते को बंद करवाने के लिए रविवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय मंच ने प्रदर्शन किया। इस दौरान शहीद सुखदेव सिंह और शहीद ऊधम सिंह के पारिवारिक सदस्य भी शामिल हुए।
प्रदर्शनकारियों ने मांग की है कि शहीद की प्रतिमा के सामने खुलेआम चल रहे ठेके और अहाते को बंद करवाया जाए। मंच के प्रधान किशन लाल शर्मा और अशोक सरीन हिक्की ने कहा कि जिन शहीदों ने देश को आजाद करवाने के लिए अपने प्राणों को न्योछावर कर दिया, आज उनकी प्रतिमा के आगे ठेका खोला गया है। इससे युवाओं पर बुरा प्रभाव पड़ेगा। उन्होंने कहा कि ठेका बंद करवाने के लिए वे कई बार एक्साइज विभाग को कह चुके हैं, मगर कोई सुनवाई नहीं हुई।
इलाका निवासियों ने ठेका और अहाता बंद करवाने को डिप्टी कमिश्नर कमल किशोर यादव को ज्ञापन सौंपा था। रविवार को पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंच की ओर से धरना प्रदर्शन किया गया। इसमें शहीद सुखदेव सिंह और शहीद ऊधम सिंह के पारिवारिक सदस्य भी मौजूद रहे।