संवाद न्यूज एजेंसी
कपूरथला। गांव संधर जागीर के दो दूल्हों सतबीर सिंह उर्फ सत्तू और यादविंदर सिंह यादा ने तो सपने में भी नहीं सोचा होगा कि उन्हें दोस्तों संग शादी की खुशी में फायरिंग करना उन्हें जेल की सलाखों के पीछे ले जाएगी। विवाह से पहले जागो व पार्टी में फायरिंग करने का वीडियो मुखबिर की मदद से पुलिस के पास पहुंच गया। थाना फत्तूढींगा की पुलिस ने दहशत फैलाने के आरोप में सत्तू व यादा समेत सात लोगों को नामजद कर लिया है। सीआइए स्टाफ ने आरोपी यादविंदर सिंह यादा को पकडकर उसकी निशानदेही पर असलहा व कारतूस भी बरामद किए हैं।
सीआईए स्टाफ कपूरथला के इंचार्ज इंस्पेक्टर परमजीत सिंह ने बताया कि सतबीर सिंह उर्फ सत्तू निवासी गांव संधर जागीर का विवाह नवंबर 2020 में हुआ था और यादविंदर सिंह उर्फ यादा निवासी गांव संधर जागीर की शादी 2 फरवरी 2021 को हुई थी। दोनों ने अपने विवाह की इतनी खुशी थी कि जागो व पार्टी में इन दोनों ने अपने घर और घर के बाहर लगे टेंटों में अमरीक सिंह उर्फ मीका और जीमा निवासी गांव संधर जागीर, बलजीत सिंह, अमरजोत सिंह निवासी गांव बिहारीपुर तथा जोबन उर्फ कुक्कु निवासी सिंधवा दोनां के साथ मिलकर लाइसेंसी व गैरलाइसेंसी हथियारों से कई हवाई फायर किए।
इन दोनों फायर करने के दौरान के वीडियो भी बने हैं, जोकि मुखबिर के जरिये पुलिस को मिले। इस तरह से इन लोगों ने अपनी खुशी जाहिर करने के लिए फायरिंग करके लोगों की जान को खतरे में डाला। सीआईए स्टाफ पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ थाना फत्तूढींगा में मामला दर्ज कराया। इसके बाद मुखबिर की सूचना पर गांव मिठड़ा के नजदीक नाकाबंदी के दौरान आरोपी यादविंदर सिंह उर्फ यादा को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी निशानदेही पर एक लाइसेंसी रिवाल्वर 32 बोर, 25 कारतूस, एक रायफल 315 बोर और 25 कारतूस बरामद किए गए हैं।