अंतरराष्ट्रीय वेटलैंड पौंग बांध झील के आसपास पक्षियों के बर्ड फ्लू से मरने का क्रम 25वें दिन भी जारी रहा। वीरवार को 7 विदेशी पक्षी मृत मिले। धमेटा रेंज से दो दिन से एक भी मृत प्रवासी पक्षी नहीं मिला है। नगरोटा सूरियां में वीरवार को 7 पक्षी मृत मिले। अब तक 4960 पक्षी मृत मिल चुके हैं। वन्य जीव विभाग के डीएफओ राहुल एम रेहाणे ने बताया कि धीरे-धीरे बर्ड फ्लू काबू में आ रहा है। वन्य प्राणी विभाग की सभी टीमें पीपीई किट पहनकर मुस्तैदी से ड्यूटी में डटी हैं। मृत पक्षियों को सावधानी से ठिकाने लगाया जा रहा है ताकि कोई और इसकी चपेट में न आए।