थाना जीरा सदर के अंतर्गत गांव चब्बा के खेतों में चल रहे अवैध रेत खनन रोकने के लिए पहुंची पुलिस पार्टी पर माफिया ने हमला बोल दिया, यही नहीं पुलिस मुलाजिमों को जमकर पीटा और रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्राली लेकर फरार हो गए। पुलिस ने शनिवार को तीन लोगों को नामजद कर आठ के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक एएसआई सुरेंद्रपाल सिंह पुलिस पार्टी के साथ गश्त कर रहे थे। इस दौरान गुप्त सूचना मिली कि कुछेक लोग गांव चब्बा के खेतों में अवैध तरीके से रेत की निकासी कर ट्रैक्टर-ट्रालियों में भर कर बेच रहे हैं। पुलिस पार्टी ने बताई हुई जगह पर छापेमारी की। पुलिस पार्टी को आता देखकर रेत माफिया ने मोबाइल फोन कर अपने साथियों को बुला लिया। हथियारों से लैस मोटरसाइकिलों पर आए आरोपियों ने पुलिस पर हमला बोल दिया। पुलिस मुलाजिमों को पीटा और उनकी वर्दी फाड़ दी।
इसके बाद आरोपी रेत से लदी ट्रैक्टर-ट्रालियां लेकर फरार हो गए। पुलिस ने आरोपी निरवेल सिंह, गुरलाभ सिंह, गुरविंदर सिंह और पांच अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। एएसआई सुरेंद्रपाल सिंह के मुताबिक आरोपियों की धरपकड़ के लिए छापामारी की जा रही है। आरोपी अवैध तरीके से खेतों में से रेत की निकासी कर रहे थे।