-बाइक पर सवार तीन लुटेरों ने वीरवार की रात सुल्तानविंड इलाके में कपड़ों की दुकान पर की थी डकैती
-
संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। थाना बी डिवीजन के इलाके में कपड़ों की दुकान में घुसकर 2.70 लाख नकद और सोने का कड़ा लूटने के आरोप में एक व्यक्ति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से एक बुलेट प्रूफ जैकेट और एक विदेशी पिस्तौल बरामद किया गया है। पुलिस ने पकड़े गए आरोपी की पहचान जंडियाला गुरु थाने के अधीन पड़ते गांव शेखुपुरा निवासी बलजीत सिंह के रूप में बताई है। एसीपी गगनदीप सिंह ने बताया कि गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए छापे मारे जा रहे हैं। पकड़े गए आरोपी और उसके अन्य साथियों के संबंध बड़े गैंगस्टरों से होने की आशंका है।
वीरवार रात बलजीत सिंह ने अपने दो साथियों के साथ लूट की वारदात को अंजाम दिया था। आरोपी बाइक पर सवार होकर कपड़ों की दुकान पर पहुंचे थे। तीनों ने चेहरे ढके थे और तीनों के पास विदेशी पिस्तौल थे। मौका मिलते ही आरोपियों ने दुकान के मालिक राहुल को गन पॉइंट पर ले लिया और वहां गल्ले में रखे 2.70 लाख रुपये और उसकी कलाई में पहना सोने का कड़ा लूट कर फरार हो गए।