संवाद न्यूज एजेंसी
जालंधर। वर्कशॉप चौक के पास एक वाइन शॉप पर बीती रात लूट का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार वाइन शॉप पर आए दो लुटेरों ने बंदूक दिखाकर करीब 1.37 लाख रुपये लूट लिए। वाइन शॉप पर काम करने वाले राजकुमार ने कहा कि वह रोजाना की तरह बीती रात वाइन शॉप पर मौजूद था। इतने में काले रंग की सप्लेंडर बाइक पर सवार होकर मंकी कैप पहने दो युवक आए। उन्होंने आते ही बंदूक निकालकर उसे पीछे हट जाने के लिए कहा। इसके बाद लुटेरों ने गल्ले में रखे करीब 1.37 लाख रुपये निकाले व वहां से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही थाना डिवीजन नंबर-2 की पुलिस मौके पर पहुंची व वाइन शॉप में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। एएसआई सुखदेव सिंह ने कहा कि फिलहाल सीसीटीवी के आधार पर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। प्राथमिक जांच में पता चला है कि उक्त आरोपी चोरी के बाद वर्कशॉप चौक तक आए। इसके बाद कहां गए, इस पर जांच अभी जारी है।