अबोहर। मलोट चौक के नजदीक महिला की टिकट को लेकर एक रोडवेज बस परिचालक से मारपीट की गई। रोष स्वरूप रोडवेज कर्मियों ने सड़क पर ही बसें रोक कर करीब एक घंटे तक चक्काजाम कर दिया। इसके चलते मलोट चौक से लेकर बस स्टैंड तक वाहनों की लाइनें लग गईं। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर मामला सुलझाया और परिचालक को अस्पताल में दाखिल करवाया।
उपचाराधीन मुक्तसर के गांव दाता निवासी परिचालक बलजिंद्र सिंह ने बताया कि बस में सवार अबोहर की सीडफार्म निवासी महिला के पास उसका आधार कार्ड नहीं था। इस पर जब उसने महिला से किराया मांगा तो उसने इंकार कर दिया। इसी बीच उसके साथ मौजूद पुरुष यात्री ने उसके साथ अभद्र व्यवहार किया। सवारी उतारने के लिए जब वह मलोट रोड पर रुका तो उक्त महिला सवारी के परिजनों ने मारपीट की।
मामले का पता चलते ही रोडवेज कर्मचारियों ने प्रदर्शन कर दिया। उनका कहना था कि जब तक मारपीट करने वालों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती है तब तक वह सड़क से बसें नहीं हटाएंगे। थाना प्रभारी बलजीत सिंह ने कर्मियों को आश्वासन दिया कि जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इसके बाद उन्होंने बसें हटाकर यातायात बहाल किया।