हुस्नर रोड पर सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत के मामले में आरोपी कार चालक को गिरफ्तार न करने के रोष स्वरूप रविवार को मृतकों के परिजनों और रिश्तेदारों ने राष्ट्रीय राज्य मार्ग 15 जाम कर दिया। भड़के परिजन और रिश्तेदार पुलिस प्रशासन पर ढीली कार्रवाई का आरोप लगा रहे थे।
इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि हादसे के बाद कार चालक घटना को अंजाम देकर फरार हो गया। पुलिस को कार में आधार कार्ड भी मिला है। इसके बावजूद पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई नहीं कर रही है। उन्होंने कहा कि जब तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो जाती तब तक वह मृतकों का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे।
थाना प्रभारी हरविंदर सिंह ने मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों को आरोपी की गिरफ्तारी की सूचना दी, जिसके बाद सुबह 11 बजे से लगा जाम दोपहर 2 बजे हटा दिया गया। थाना प्रभारी हरविंदर सिंह के अनुसार आरोपी कर्मवीर गिद्दड़बाहा को गिरफ्तार कर लिया गया है।
राष्ट्रीय राज्य मार्ग नंबर पंद्रह पर शुक्रवार रात को सड़क हादसे में एक कार चालक मोटरसाइकिल को टक्कर मार भाग गया था। इस हादसे में गिद्दड़बाहा निवासी संदीप, सोनू और मुकेश की मौत हो गई थी। वहीं कमलेश गंभीर रूप से घायल हो गया था। यह सभी किसी हलवाई के यहां काम करते थे।