जलालाबाद। जलालाबाद उपमंडल के गांव काठगढ़ में बुधवार को उस समय तनाव उत्पन्न हो गया जब मसीह भाईचारे के लोग गांव की गलियों में ढोल बजाते हुए मसीही सत्संग कर रहे थे। एक अमृतधारी सिख नौजवान ने उन्हें ढोल बजाने से रोक दिया जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस और विवाद हुआ। जानकारी के अनुसार मसीह भाईचारे के लोग प्रभु मसीह के नारे लगाते हुए ढोल बजाकर प्रचार कर रहे थे। इस पर सिख धर्म को मानने वालों ने आपत्ति जताते हुए कहा कि इन दिनों शहीदी दिवस मनाए जा रहे हैं और सिख धर्म में शोक की लहर है, ऐसे में ढोल बजाकर खुशी मनाना अनुचित है। विवाद बढ़ने पर मसीह भाईचारे की महिलाओं ने सिख युवक को गाली-गलौज किया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इस घटना ने गांव में तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न कर दी। संवाद