संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजपुर। फूड सेफ्टी विभाग ने गुरुहरसहाय में एक बिस्किट और ब्रेड फैक्टरी पर छापा मारा। यह फैक्टरी बिना लाइसेंस के चल रही थी। रेड के दौरान खाद्य पदार्थों के निर्माण में कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं।
फूड सेफ्टी इंस्पेक्टर अभिनव कुमार ने बताया कि फैक्टरी में करीब 15 क्विंटल कच्चा माल मिला। इसमें सुंडी और कीड़े पाए गए। विभाग ने इस संदिग्ध कच्चे माल के इस्तेमाल पर तुरंत रोक लगा दी। तैयार किए जा रहे बिस्किट का नमूना जांच के लिए भेजा गया है। विभागीय जांच में सामने आया कि मूंगफली को हरा रंग लगाकर पिस्ता बताकर बेच रहे थे। फैक्टरी में अमोनिया का भी इस्तेमाल हो रहा था। विभाग इन मामलों की गंभीरता से जांच कर रहा है। रेेड के दौरान कर्मचारियों के मेडिकल प्रमाणपत्र भी नहीं मिले। अधिकारियों ने फैक्टरी प्रबंधन को सफाई सुधारने के लिए कहा। उन्हें खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन करने के लिए एक सप्ताह का समय दिया गया है। विभाग ने चेतावनी दी है कि निर्धारित समय के बाद दोबारा जांच होगी। कमियां दूर न होने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने सभी खाद्य कारोबारियों से लाइसेंस, स्वच्छता और गुणवत्ता नियमों का पालन करने की अपील की है।