घटना के बाद अमेरिका में पंजाबी समुदाय के लोगों में रोष है। समुदाय से जुड़े लोगों ने आरोप लगाया कि सिख और पंजाबी लोगों के खिलाफ नस्लीय भेदभाव तथा नफरत की घटनाओं को पर्याप्त कवरेज नहीं मिलती। उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए मामले को सामने लाने और इसकी निष्पक्ष जांच की मांग उठाई है।
अमेरिका में पंजाब के एक ट्रक ड्राइवर पर कथित तौर पर नस्लीय टिप्पणी के बाद चाकू से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पंजाबी समुदाय से जुड़े पवित्र सिंह के अनुसार, ड्राइवर की पहचान गुरविंदर सिंह के रूप में हुई है।
विज्ञापन
बताया जा रहा है कि सोमवार सुबह आराम कर रहे गुरविंदर पर पहले नस्लीय टिप्पणी की गई और इसके बाद चाकू से हमला कर दिया गया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पवित्र सिंह के मुताबिक, गुरविंदर सिंह पंजाब के किस जिले का रहने वाला है, इसकी फिलहाल जानकारी नहीं मिल पाई है। वह डब्ल्यूजे ट्रांसपोर्ट के साथ काम करता था। घटना के बाद वह अपने ट्रक से करीब 100 मीटर दूर खून से लथपथ हालत में मिला। घटनास्थल पर बड़ी मात्रा में खून बिखरा हुआ था। पुलिस को घटना की सूचना दे दी गई है।
पवित्र सिंह ने दावा किया कि गुरविंदर पर चाकू से 20 या उससे ज्यादा वार किए गए। बताया जा रहा है कि हमले के बाद उसने बचने के लिए भागने की कोशिश की और कुछ दूरी पर दूसरे ट्रक के पास गिर गया। वहां वह बेसुध हालत में मिला और आवाज लगाने पर भी कोई प्रतिक्रिया नहीं दे रहा था। घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें रोडसाइड रेस्ट एरिया में ट्रक नंबर 11240 खड़ा दिखाई दे रहा है और आसपास खून के निशान नजर आ रहे हैं। हालांकि, वीडियो और सामने आई जानकारी के आधार पर हमले की पूरी परिस्थितियां अभी स्पष्ट नहीं हैं।
विज्ञापन
पहले आई थी मौत की खबर
घटना के तुरंत बाद सोशल मीडिया पर गुरविंदर सिंह की मौत की खबर फैल गई थी। बाद में कैलिफोर्निया के पंजाबी समुदाय से जुड़े गुरमीत सिंह ने स्पष्ट किया कि गुरविंदर की मौत नहीं हुई है, बल्कि उसकी हालत गंभीर है और अस्पताल में इलाज चल रहा है। बताया जा रहा है कि संदिग्ध हमलावर ने कथित तौर पर नस्लीय टिप्पणी की थी। हालांकि, हमलावर की पहचान अभी सामने नहीं आई है और उपलब्ध जानकारी के अनुसार पुलिस की ओर से किसी गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं की गई है। हमले से पहले दोनों के बीच क्या बातचीत या विवाद हुआ था, यह भी फिलहाल स्पष्ट नहीं है।
पंजाबी समुदाय में रोष, नस्लीय हिंसा पर चिंता
घटना के बाद अमेरिका में पंजाबी समुदाय के लोगों में रोष है। समुदाय से जुड़े लोगों ने आरोप लगाया कि सिख और पंजाबी लोगों के खिलाफ नस्लीय भेदभाव तथा नफरत की घटनाओं को पर्याप्त कवरेज नहीं मिलती। उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए मामले को सामने लाने और इसकी निष्पक्ष जांच की मांग उठाई है। उत्तरी अमेरिकी पंजाबी ट्रकिंग एसोसिएशन के अनुसार, अमेरिका में करीब 1.5 लाख सिख ट्रक ड्राइवर हैं। समुदाय के प्रतिनिधियों का कहना है कि ट्रकिंग क्षेत्र में काम करने वाले सिख ड्राइवरों को नस्लीय प्रोफाइलिंग और भेदभाव का सामना करना पड़ता है।