जिले में पंजाब पुलिस के 182 सिपाही पदों के लिए 24,700 उम्मीदवारों ने आवेदन किया था, जिनके बुधवार को पुलिस लाइन फिरोजपुर में डोप टेस्ट और ट्रायल लिए गए। भर्ती रैली का नवनियुक्त एसएसपी आरके बख्शी ने निरीक्षण किया।
एसएसपी बख्शी ने कहा कि भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी होगी। सभी उम्मीदवारों के डोप टेस्ट किए जा रहे हैं। इसके अलावा उम्मीदवारों के ट्रायल लिए गए। एसएसपी ने कहा कि पैसे लेकर नौकरी दिलवाने के लिए यदि कोई भी दलाल किसी उम्मीदवार से संपर्क करता है तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। कोई भी उम्मीदवार किसी दलाल के झांसे में ना आए।
भर्ती प्रक्रिया सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में हो रही है। इसके अलावा वीडियोग्राफी भी की जा रही है। उम्मीदवारों की सुविधा के लिए हेल्प डेस्क भी स्थापित किए गए हैं। एसएसपी बख्शी ने बुधवार को फिरोजपुर एसएसपी का पदभार संभाला है। इससे पहले बख्शी पठानकोट में एसएसपी तैनात थे।