पंजाब के डिप्टी सीएम और शिरोमणि अकाली दल के प्रधान सुखबीर सिंह बादल ने
शुक्रवार को यहां कहा कि सूबे में सरबत खालसा व बेअदबी कांड के पीछे
पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई का हाथ है।
उन्होंने दावा किया
कि इसके पुख्ता सबूत पंजाब सरकार को मिल चुके हैं। इसलिए इस केस की जांच
सीबीआई के हवाले की गई है और अगले तीन माह बाद कई ऐसे खुलासे होंगे, जिससे
दुनिया दंग रह जाएगी। सुखबीर बादल जालंधर से करीब 25 किलोेमीटर दूर स्थित
नकोदर की दानामंडी में दोआबा की सद्भावना रैली को संबोधित कर रहे थे।
सुखबीर
बादल ने कहा कि पहले इंदिरा गांधी ने सिखों के गुरुघर दरबार साहिब पर हमला
कराया, फिर राजीव गांधी ने 1984 में दंगे कराए। अब इनकी पीढ़ी के तीसरे
गांधी यानी राहुल पंजाब को आग के हवाले कर अपनी रंजिश निकालने की कोशिश कर
रहे हैं। उन्होंने कि सिखों की मिनी पार्लियामेंट एसजीपीसी को खत्म करने की
कोशिश की गई, सिखों की सर्वोच्च मान्य श्री अकाल तख्त साहब को चुनौती दी
गई और सरबत खालसा बुलाकर मर्यादा भंग की गई।
इन ताकतों के पीछे
आईएसआई है और जिस कांग्रेस पार्टी ने देश को आजादी दिलाई वह अब देश विरोधी
हो चुकी है। इसलिए कांग्रेस के नेता रमनजीत सिंह सिक्की सरबत खालसा में गए।
सुखबीर बादल ने कहा कि सिख भाइयों और बहनों को याद रखना होगा कि हमारी कौम
का दुश्मन कौन है? हमारी पार्टी के लोंगोवाल को शहीद कर दिया गया और
गुरचरण सिंह टोहड़ा पर हमला कराया गया।
‘अमृतसर-दिल्ली का सफर तीन घंटे में होगा’
सुखबीर
बादल ने कहा कि हाल ही में उनकी केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात
हुई है, जिसमें सुपर एक्सप्रेस नेशनल हाइवे बनाने पर सहमति बन गई है। अब
अमृतसर से नई दिल्ली के बीच सुपर एक्सप्रेस नेशनल हाईवे बनाया जाएगा। इसके
बाद अमृतसर-नई दिल्ली का सफर ढाई से तीन घंटे में ही तय हो जाएगा।