फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पांच घंटे तक नेशनल हाइवे नंबर वन पर जाम

Tue, 19 Nov 2013 10:41 PM IST
अमर उजाला, जालंधर
विज्ञापन
विज्ञापन
बहुजन समाज पार्टी की तरफ से मंगलवार को जालंधर में राजस्तरीय प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने 12 बजे से लेकर करीब पांच घंटे तक अमृतसर-दिल्ली नेशनल हाइवे पर जाम लगाकर यातायात ठप कर दिया।
विज्ञापन


दिल्ली-अमृतसर नेशनल हाईवे पर लंबा जाम लग गया और वाहनों को अन्य रास्ते से निकालना पड़ा। इससे लोगों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। समाचार लिखे जाने तक बसपा का पीएपी चौक पर प्रदर्शन जारी था और भारी पुलिस बल तैनात था।

प्रदर्शन में खास तौर पर बसपा के प्रदेश प्रधान प्रकाश सिंह जंडाली, प्रकाश भारती, महासचिव सुखविंदर कोटली, डॉ. कमलदेव जंडू सिंघा समेत भारी संख्या में आसपास के इलाकों से लोग जमा हुए। प्रदर्शनकारी सुबह पहले रामामंडी चौक पर जमा हुए, जहां से नेशनल हाइवे पर पैदल चलते हुए पीएपी चौक पर आ गए और नेशनल हाइवे नंबर-1 (दिल्ली-अमृतसर) पर जाम लगा दिया।
विज्ञापन


सूचना पाकर एडीसीपी ट्रैफिक सुखदेव सिंह, एडीसीपी सिटी नरेश डोगरा समेत तमाम एसीपी व अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ नेशनल हाइवे पर पहुंचे। बसपा नेता अपनी मांगों पर अड़े रहे। बसपा के प्रधान प्रकाश सिंह जंडाली, सुखविंदर कोटली ने कहा कि प्रदेश में सरकार दलितों के साथ धक्केशाही कर रही है।

बसपा चाहती है पार्षद पर केस दर्ज हो
2009 में वियना में संत रामानंद जी की हत्या के बाद प्रदर्शन कर रहे लोगों पर शिअद पार्षद बलवीर बिट्टू ने गोलियां चला दी, जिसमें दलित समुदाय के विजय ढिलवां नामक युवक की मौत हो गई थी। बसपा नेताओं ने कहा कि पुलिस ने बिट्टू को गिरफ्तार ही नहीं किया और उसे क्लीन चिट भी दे दी। मामले में नाथपाल नामक व्यक्ति की बिट्टू के खिलाफ गवाही थी। दो माह पहले विक्की नामक शख्स पार्षद बिट्टू के ड्राइवर राजकुमार झोना के साथ मोटरसाइकिल पर जा रहा था। रास्ते में कहा सुनी होने पर विक्की व नाथपाल के बीच झगड़ा हो गया, जिसमें विक्की की मौत हो गई।

सिटी-1 की पुलिस ने नाथपाल व उसके बेटे अमित पर हत्या का केस दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। केस में बसपा ने शोर मचाया कि नाथपाल पर सिर्फ इसलिए केस दर्ज करवाया गया है क्योंकि वह बिट्टू के खिलाफ विजय ढिलवां हत्याकांड में गवाह है। मृतक विक्की के परिजनों ने भी नाथपाल व उसके बेटे अमित की गिरफ्तारी को गलत ठहराया था। बसपा नेताओं की शिकायत पर पुलिस कमिश्नर गौरव यादव ने इस केस की जांच एडीसीपी नरेश डोगरा को सौंपी थी लेकिन नाथपाल को इसमें क्लीन चिट नहीं मिली। बसपा जहां विजय हत्याकांड में पार्षद बलवीर बिट्टू की गिरफ्तारी मांग रही है वहीं नाथपाल व उसके बेटे के खिलाफ दर्ज विक्की हत्याकांड का मामला रद करने की मांग कर रही है।

दूसरा बड़ा मामला गांव कोटली थान सिंह का है। जहां पर पिछले दिनों 65 साल की बुजुर्ग महिला का शव खेतों में मिला था, जिसमें पुलिस ने एक श्रमिक को गिरफ्तार किया था। पुलिस की जांच थ्योरी यह थी कि श्रमिक ने महिला के साथ दुराचार कर उसकी हत्या की है। प्रदेश महासचिव सुखविंदर कोटली का कहना था कि हत्यारे कोई और हैं, पुलिस ने एक श्रमिक पर केस डाल दिया है। इस केस में भी पुलिस की तरफ से बसपा को कोई सहयोग नहीं दिया गया और न ही जांच की गई।

लोगों को हुई खासी दिक्कत
अमृतसर-दिल्ली नेशनल हाइवे दिन भर ठप होने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। खासकर उन लोगों को भारी दिक्कत हुई, जिनको जालंधर बस स्टैंड पर पहुंचना था या जालंधर सिटी एरिया में आना था। प्रदर्शनकारियों ने पहले रामामंडी चौक पर जाम लगा दिया। इसके बाद पुलिस ने ट्रैफिक को गांवों में डाइवर्ट कर दिया लेकिन एनएच-1 पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस पसोपेश में पड़ गई, जब तक स्थिति संभलती बसपा के प्रदर्शनकारी रामामंडी चौक से होते हुए पीएपी चौक पर जाकर बैठ गए। अमृतसर, पठानकोट, जम्मू जाने वाले लोगों को काफी समस्या हुई। एडीसीपी ट्रैफिक सुखदेव सिंह खुद फील्ड में आ गए और ट्रैफिक व पीसीआर को उचित आदेश देकर रूट बनाने लगे लेकिन शाम तक यह समस्या विकराल रूप धारण कर गई।
विज्ञापन




विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें