शिरोमणि अकाली दल और भारतीय जनता पार्टी के नेता मंगलवार को सिख जत्थेबंदियों के साथ खुलकर सामने आ गए और कुछ दिन पहले नेशनल हाईवे पर जाम लगाने वाले बहुजन समाज पार्टी के नेताओं की गिरफ्तारी की मांग की।
उन्होंने आरोपियों के नाम सार्वजनिक करते हुए पुलिस कमिश्नर से मांग की कि उन नेताओं को तत्काल गिरफ्तार किया जाए। शिअद के नेता एसजीपीसी सदस्य परमजीत सिंह रायपुर, एसजीपीसी सदस्य कुलवंत सिंह मन्नण, युवा अकाली दल से प्रदेश उपाध्यक्ष सर्बजीत सिंह पनेसर, शिअद नेता गुरदियाल सिंह, एडवोकेट हरविंदर काहलों, भाजपा के प्रदेश ट्रांसपोर्ट के चेयरमैन अमरजीत सिंह अमरी, जिला भाजपा प्रधान अरुण शर्मा, सिख तालमेल कमेटी के तजिंदर सिंह परदेसी, गुरमीत सिंह बिट्टू, हरपाल सिंह चड्ढा समेत कई सिख जत्थेबंदियां एक मंच पर आ गईं और उन्होंने 19 नवंबर को अमृतसर-दिल्ली नेशनल हाईवे नंबर वन पर जाम लगाने वाले बसपा नेताओं की गिरफ्तारी की मांग की।
पत्रकारों से बातचीत के दौरान शिअद के वरिष्ठ नेता व एसजीपीसी सदस्य कुलवंत सिंह मन्नण ने कहा कि बसपा नेताओं की गिरफ्तारी को लेकर शिअद प्रधान व जिला योजना बोर्ड के चेयरमैन गुरचरण सिंह चन्नी ने भी शिष्टमंडल के साथ पुलिस कमिश्नर ईश्वर सिंह से मुलाकात की थी थी। इस दौरान उनसे मांग की थी कि आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार किया जाए।
मन्नण ने कहा कि मंगलवार को भी सिख जत्थेबंदियां पुलिस कमिश्नर से मिली हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि एनएच को जाम करने का केस का चालान अदालत में दिया जाएगा और आरोपियों को नामजद कर गिरफ्तार किया जाएगा। मन्नण ने कहा कि अगर पुलिस ने बसपा नेताओं को गिरफ्तार नहीं किया तो यह मामला डिप्टी सीएम सुखबीर बादल के पास ले जाया जाएगा और गिरफ्तारी की मांग की जाएगी।
शिअद ने दिए बसपा नेताओं के नाम
शिअद नेताओं परमजीत सिंह रायपुर, कुलवंत सिंह मन्नण ने कहा कि पुलिस सात दिन बीत जाने के बाद भी आरोपियों को केस में नामजद नहीं कर पाई है, इसलिए शिअद ने बसपा के उन नेताओं के नाम उजागर कर दिए।
इसमें बसपा के पंजाब प्रभारी प्रकाश भारती, बसपा के प्रदेश प्रधान प्रकाश सिंह जंडाली, प्रदेश महासचिव सुखविंदर सिंह कोटली, डॉ. कमलदेव जंडासिंगा, जरनैल सिंह फगवाड़ा, अमित भौंसले फगवाड़ा, हरप्रीत भुल्लर, गरीब दास काला, अमरीक सिंह बागड़ी, गोपाल चंद, लवली, सुनीता पत्नी नाथपाल, जगदीश राणा, दलजीत कौर, जसपाल गुल्लू, पुरषोत्तम लाल पाशी, सुनील नन्ना आदि शामिल हैं। शिअद नेताओं ने कहा कि अगर पुलिस के पास इनके नाम या सीडी नहीं है, तो वे इन नेताओं द्वारा किए जाम की सीडी पुलिस को भिजवा सकते हैं।
सभी के खिलाफ कार्रवाई हो : शिअद
शिअद नेताओं से प्रेस वार्ता में पूछा गया कि बसपा के प्रदेश प्रधान प्रकाश जंडाली, इंचार्ज प्रकाश भारती ने भाजपा के प्रदेश कल्चरल सेल के प्रधान किशन लाल शर्मा, सिख जत्थेबंदियों, बार एसोसिएशन की तस्वीरें जारी की हैं, जिन्होंने जाम लगाकर प्रदर्शन किया था। उनके खिलाफ क्यों कार्रवाई नहीं की जा रही है? इस पर शिअद नेता परमजीत रायपुर व कुलवंत सिंह मन्नण ने कहा कि कानून सबके लिए बराबर है। इसमें भाजपा का प्रदेश प्रधान हो या कोई किसी पार्टी का नेता, हाईवे जाम करने वालों को गिरफ्तार किया ही जाना चाहिए।