केंद्रीय सेहत राज्यमंत्री संतोष चौधरी ने भुल्लथ की विधायक बीबी जागीर कौर के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
सांसद संतोष चौधरी ने विधायक बीबी जागीर कौर और उनके दामाद पर सांसद निधि के फंड पर अपना लेबल लगाकर नींव पत्थर रखने का दावा करते हुए इसकी शिकायत केंद्र सरकार के स्टेटिक्स एंड प्रोग्राम इंप्लीमेंटेशन राज्यमंत्री से करते हुए कार्रवाई की मांग भी की है। केंद्रीय राज्यमंत्री संतोष चौधरी ने बीबी जागीर कौर, उसके दामाद युवराज भूपिंदर सिंह, एक्सईएन आरके वर्मा, सरपंच बलविंदर बिल्ला, मंदीप सिंह पर कार्रवाई की मांग की है।
भुल्लथ के पूर्व विधायक और प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता सुखपाल खैहरा ने मंगलवार को पत्रकारों को बताया कि बीबी जागीर कौर ने इलाके की सांसद और केंद्रीय राज्यमंत्री संतोष चौधरी के सांसद निधि फंड से जारी हुए 10 लाख रुपये से दो कम्युनिटी सेंटर गांव फतेहपुर और गांव बजाज में बनाने के लिए कहा था।
खैहरा ने बताया कि पिछले साल नौ अक्तूबर को होशियारपुर के पास सड़क दुर्घटना में 27 लोगों की मौत हो गई थी। उनकी याद में गांव फतेहपुर और बजाज में दो कम्युनिटी सेंटर बनाने के लिए इलाके की सांसद संतोष चौधरी ने पांच-पांच लाख रुपये कपूरथला के डीसी को जारी किए थे। 13 दिसंबर को केंद्रीय राज्यमंत्री के निजी सचिव ने पंचायत विभाग को निर्माण की जिम्मेदारी दी।
डिप्टी कमिश्नर कपूरथला ने बीती 10 जनवरी को पत्र के जरिये पंचायत विभाग के एक्सईएन को सांसद निधि फंड के दिशा-निर्देशों के मुताबिक कार्य पूरा करने के लिए लिखा।
खैहरा ने आरोप लगाया कि पंचायत विभाग के एक्सईएन राजनीतिक दबाव में आ गए और उन्होंने इलाके की विधायक जागीर कौर के दामाद युवराज भूपिंदर सिंह से दोनों सेंटरों के नींव पत्थर रखवा दिए। जागीर कौर, उसके दामाद और अन्य लोगों ने सांसद निधि फंड के दिशा-निर्देशों का उल्लंघन किया है। निर्देशों के तहत सांसद का नाम, नींव पत्थर की तारीख का जिक्र होना जरूरी है। केंद्रीय राज्यमंत्री ने इसकी शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
कार्रवाई नहीं की तो करेंगे घेराव
खैहरा ने कहा कि प्रशासन ने कोई कार्रवाई नहीं की तो जिला प्रशासनिक अधिकारियों का घेराव किया जाएगा। खैहरा ने उद्घाटनी पत्थरों की तस्वीरें भी मीडिया के समक्ष जारी कीं, जिसमें केंद्रीय राज्यमंत्री संतोष चौधरी का जिक्र तक नहीं है।