सड़क हादसे में लुधियाना में तैनात ज्युडीशियल मजिस्ट्रेट फर्स्ट क्लास और उनके चार साल के बेटे की मौत हो गई। हादसा अमृतसर-दिल्ली नेशनल हाईवे पर फिल्लौर बस स्टैंड के पास सोमवार सुबह करीब सात बजे हुआ।
कार में सवार मजिस्ट्रेट के पति गंभीर रूप से जख्मी हो गए। उन्हें लुधियाना में दाखिल करवाया गया है। सूचना मिलते ही आला पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए और टैंकर के चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है।
अमृतसर की रहने वाली सुखबीर कौर लुधियाना में फर्स्ट क्लास ज्युडीशियल मजिस्ट्रेट के पद पर तैनात हैं। सोमवार को वह अपने पति हरप्रीत सिंह, चार साल के बेटे आलमप्रीत सिंह के साथ कार से लुधियाना जा रही थीं। फिल्लौर के पास कार पीछे से टैंकर में घुस गई। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे राहगीरों ने घायलों को कार से बाहर निकाला। इस हादसे में सुखबीर कौर की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि उनके बेटे आलमप्रीत सिंह की लुधियाना के डीएमसी में उपचार के दौरा मौत हो गई।
हादसे में उनके पति हरप्रीत सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने जेएस इंडस्ट्रियल लिमिटेड के मेडिकल ऑक्सीजन गैस टैंकर के चालक सतीश को गिरफ्तार कर लिया है। डीएसपी परमिंदर सिंह का कहना है कि कार गैस टैंकर में पीछे से घुसी थी। इस कारण यह हादसा हुआ।